प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 27 जनवरी 2023 को अपने वार्षिक संस्करण ' परीक्षा पे चर्चा ' कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बातचीत कर एग्जाम में तनाव और अच्छे मार्क्स को लेकर पिछले वर्ष की भांति गुरुमंत्र देंगे। यूपी के फतेहपुर जिला कारागार के बंदी छात्रों में परीक्षा पे चर्चा संवाद कार्यक्रम को लेकर उत्साहित है और अपने परीक्षा की तैयारी में जुटे है। पिछली बार कई बंदियों ने परीक्षा पे चर्चा संवाद कार्यक्रम में भाग लिया था उन्होंने उससे जुड़े अपने अनुभव साझा किये। जिला कारागार में प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम पर एनआईओएस ने बंदियों की लेख प्रतियोगिता कराई थी जिसमें बंदियों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षा, हमारी संस्कृति पर गर्व, अच्छा स्वास्थ्य क्यों जरूरी है, मेरी प्रिय पुस्तक और हमारी आजादी के नायक विषय पर निबंध लिखा था जिस पर एनसीईआरटी द्वारा अच्छा प्रदर्शन करने वाले पांच बंदियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया है।
आपको बता दें कि जिला कारागार में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग की तरफ से बंदियों को जैल में शिक्षा दी जा रही जिसके तहत इस वर्ष 2023 में कारागार में 67 बंदी हाईस्कूल और 13 बंदी इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। जो जेल में रहकर ही तैयारी में जुट गए हैं ।इन सभी बन्दियों ने पिछली बार माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को देखा था जो उन्हे बहुत पसंद आया था और जिसके बाद संस्था द्वारा परीक्षा पे चर्चा पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। जिसमें प्रतिभाग करने के लिए हाई स्कूल के पांच बंदियों ने हिस्सा लिया था और अलग-अलग विषयों पर लेख लिखा था जिसको नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था और जिसके बाद एनसीईआरटी के डायरेक्टर की तरफ से पांचों बन्दियों को प्रमाण पत्र भी सौंपा गया है जिसको लेकर बंदी काफी उत्साहित और खुश हैं। इन छात्र बन्दियों ने बताया कि परीक्षा में उनका तनाव तो कम हुआ ही, साथ ही डर भी दूर हो गया।